Showing posts with label Rohtak. Show all posts
Showing posts with label Rohtak. Show all posts

Saturday, November 21, 2009

हरयाणवी बाला की नई उड़ान

हरियाणा की छोरी अंबिका हुड्डा ने नया इतिहास रचा है। रोहतक की अंबिका के साथ उप्र के अलीगढ़ की सीमा के साथ मिलकर सेना में पुरुषों के वर्चस्व को चुनौती दी है। सशस्त्र सेनाओं के इतिहास में पहली दफा दो महिला अफसरों को बतौर विमान पर्यवेक्षक नौसेना में शामिल किया गया। आईएनएस गरुण में भव्य परेड समारोह में रीयर एडमिरल सुधीर पिल्लई ने सब लेफ्टिनेंट सीमा रानी शर्मा और अंबिका हुड्डा को विंग्स प्रदान किए। नौसेना विमानन के 56 साल के इतिहास में यह पहला मौका है जब महिला अधिकारियों को मैरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्ट (एमपीए) के बेड़े में पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल किया गया है। नौसेना की पहली महिला पर्यवेक्षक बनीं सीमा और अंबिका का चयन शार्ट सर्विस कमीशन (एसएससी) के जरिए हुआ था। हरियाणा के रोहतक की रहने वाली अंबिका को पहले एसएससी पर्यवेक्षक कोर्स के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु (ट्रेनी) का तमगा भी मिला।
परेड के बाद अंबिका ने कहा, यह हमारे और हमारे माता-पिता व प्रशिक्षकों के लिए बहुत बड़ा और गौरवशाली मौका है। हम दोनों के लिए यह प्रशिक्षण मानसिक और शारीरिक लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण था। लेकिन, पीछे हटने की बात कभी हमारे जेहन में नहीं आई।

मूलत: रोहतक जिले के आसन गांव का रहने वाला हुड्डा परिवार पिछले कुछ समय से Rohtak शहर की इंद्रप्रस्थ कालोनी के एक मकान में किराये पर रह रहा है। आर्मी से रिटायर्ड सूबेदार आनरेरी लेफ्टिनेंट जयकिशन हुड्डा अपनी बेटी की उपलब्धि पर फूले नहीं समा रहे हैं।खुशी से गदगद हुड्डा बताते हैं कि उनकी बेटी डोनियर जहाज कंट्रोल करेगी और आब्जर्वेशन करेगी। वह यह भी बताना नहीं भूले कि पायलट का काम तो जहाज को चलाने का है।

घर लौटीं Ambika

नौसेना की सब लेफ्टिनेंट बनने के बाद अंबिका पहली बार शनिवार शाम अपने घर आईं। दैनिक जागरण से खास बातचीत में अंबिका ने बताया कि मेरे लिए यह ग्रेट एचीवमेंट है। आर्मी-एयर फोर्स में जाने का बचपन का ख्वाब है। लेकिन, एविएशन में मौका मिलना बहुत बड़ी बात है। उसने ख्वाब से आगे पाया।अंबिका ने बताया कि एयर-फोर्स व आर्मी से इतर कभी उसने सोचा ही नहीं। हां, एविएशन में जाने के बारे में इतना नहीं सोचा था। भविष्य की योजना के बारे में पूछने पर उसने बताया कि अभी तो सारा ध्यान नई जाब पर ही रहेगा। बेस्ट के लिए हमेशा उसका प्रयास रहेगा।

Friday, August 7, 2009

प्रेमी जोड़े की बलि

एक बार फ़िर सम्मान के नाम पर जाट लैंड में प्रेमियों का खून बहाया गया। मुख्यमंत्री के गृह जिले में फ़िर कानून को ताक पर रखकर निर्दोषों के खून की होली खेली गई। एक बार फ़िर तालिबानी सोच का झंडा बुलंद हुआ।
Rohtak के गांव बहलबा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक-युवती की सनसनीखेज ढंग से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद युवक का शव सुबह सड़क के किनारे फेंक दिया गया, जबकि युवती का रात के अंधेरे में गुपचुप दाह-संस्कार कर दिया। युवक को ट्रैक्टर से कुचला गया और युवती कि गला घोंटकर हत्या कर दी।
युवक के पिता की शिकायत पर युवती के माता-पिता, दो चाचा और दो भाइयों समेत सात को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया।
गांव बहलबा में प्रेम प्रसंग के चलते बुधवार मध्य रात्रि अनिल कुमार पुत्र राजवीर सिंह नामक युवक की हत्या कर शव को गांव से गुजरने वाले महम-बेरी मार्ग पर रोड किनारे फेंक दिया गया। बाद में बात उठी कि वह लड़की भी गायब है, जिससे युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था। गांव में सुबह से ही चर्चा थी कि युवक के साथ ही युवती की भी हत्या कर दी गई और उसका तड़के ही दाह संस्कार कर दिया गया।
शुरुआत में सिर्फ युवक की हत्या के आरोप में लड़की के भाई व चाचा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस को दी शिकायत में अनिल के पिता राजवीर ने बताया कि गांव के तीन युवक जस्सा, सोमवीर व मोनू घर से अनिल कुमार को बुलाकर अपने साथ ले गए और रात को उसकी हत्या कर शव को महम-बेरी रोड किनारे फेंक दिया गया। देर शाम पुलिस ने तफ्तीश को आगे बढ़ाया तो यह लोमहर्षक मामला उघड़ता चला गया। आखिरकार पुलिस ने लड़की के माता-पिता व एक चाचा को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। खुद पुलिस कप्तान अनिल राव महम पहंुचे और मामले की पड़ताल की। एसपी अनिल राव ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि युवक के पिता की शिकायत पर पहले तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा कायम किया था। पुलिस की तफतीश आगे बढ़ी तो चार नाम और जुड़ गए। इनमें लड़की के माता-पिता व चाचा और एक अन्य शामिल है। उन्होंने बताया कि ये सात लोग दोहरे मर्डर के आरोप में गिरफ्तार कर लिए गए हैं। राव के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते युवक और युवती की हत्या की गई है। इससे पहले हत्याकांड की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची महम पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीजीआईएमएस रोहतक से पोस्टमार्टम करा बृहस्सपतिवार शाम को परिजनों के हवाले कर दिया।
रामकुमार की बेटी रानी बीते साल सातवीं में फेल हो गई थी। इस साल फिर से उसका दाखिला कराया था। अनिल के 12वीं पास करने के बाद परिजन पॉलिटेक्निक में उसके दाखिले की तैयारी कर रहे थे।रानी के परिजनों ने दोनों को बुधवार रात को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक दोनों की हत्या रानी के घर में की गई। इससे पहले रानी की जमकर पिटाई की गई और बाद में कपड़े से उसका गला घोंट दिया गया। अनिल का शव अर्धनग्न हालत में मिला था। उसके शरीर पर भी चोट के निशान थे। अनिल को रानी के घर से मोटरसाइकिल पर सड़क तक ले जाया गया। वहां उसे ट्रैक्टर से भी कुचला गया था।

पुलिस एक बार फ़िर जांच कर रही है और लड़की के परिवार वालों पर मामला दर्ज हो चुका है। लेकिन उन लोगों का क्या होगा जिन के भड़काने पर लोग कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं।
कुछ सवाल है जो वाकई ऐसे मामलों को सुलझाने में सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हैं।
---कभी जात और कभी गोत्र के नाम पर कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी पंचायती को आज तक सजा क्यों नही हुई ?
--गोत्र विवाद में अधिकारीयों की मौजूदगी में फतवे सुनाने वाले पंचायतियों के नाम से मामला दर्ज क्यों नही होता? सिर्फ़ अज्ञात लोगों के नाम ही मामला दर्ज होता है।

मेरी बेटी बदचलन नहीं थी
रानी की मां बिमला के मुताबिक, मेरी बेटी बदचलन नहीं थी। रात को लगभग 12 बजे मुझे तो दूसरे घर में भेज दिया गया था। साढ़े चार बजे बुलाया गया। तब रानी घर में नहीं थी। उसको किसने मारा मैं नहीं बता सकती। रानी के परिजनों ने रानी की चचेरी बहन नीलम की भी पिटाई की है। नीलम पर रानी का साथ देने का आरोप है। नीलम की मां संतरा व रानी की मां सगी बहनें हैं। संतरा राखी के दिन मायके गई थी इसलिए रानी, नीलम के पास सोने गई थी

Thursday, June 25, 2009

चांद-फिजा का बहिष्कार करेगी सर्व हुड्डा खाप

सर्व हुड्डा खाप ने पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन उर्फ चांद मुहम्मद और अनुराधा बाली उर्फ फिजा के सामाजिक बहिष्कार का फैसला किया है। साथ ही, कांग्रेस से भी चंद्रमोहन को पार्टी से निकालने की अपील की है। बुधवार को गांव पोलंगी में 50 गांवों की 36 बिरादरी की बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी खाप के प्रधान कृष्ण हुड्डा ने दी। उन्होंने बताया कि बिरादरी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि चांद को तुरंत प्रभाव से कांग्रेस पार्टी से निकाल देना चाहिए। उन्होंने 36 बिरादरी से अपील की है वह पंचायत के इस फैसले में उनका सहयोग करे। पंचायत ने आरोप लगाया कि चांद और फिजा ने समाज को शर्मसार किया है।
चुनाव के नजदीक आते ही अब रोहतक में पंचायतों के ऐसे फरमान आने शुरू हो गए हैं। इससे पूर्व महम चौबीसी ने ऐसा ही फारमान सुनाया था।

Friday, April 3, 2009

दक्षखेड़ा की ‘सुंदरी’ बनेगी पुणे की ‘रानी’

रोहतक जिले के दक्षखेड़ा में जारी खुदाई में पुरातत्वविदों को आभूषणों से सज्जित एक महिला का कंकाल मिला है। इस हड़प्पाकालीन कंकाल को यहां के कब्रिस्तानों में अब तक मिले कंकालों में से सबसे सुंदर माना जा रहा है। इसे पुणे स्थित डेक्कन कॉलेज के संग्रहालय में स्थापित किया जाएगा।
उत्खनन कार्य के प्रभारी विवेक दांगी ने बताया कि मिट्टी में दबे कंकाल को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उस पर एक विशेष प्रकार के रसायन का छिड़काव किया गया है। उत्खनन कार्य के निदेशक डॉ. वसंत शिंदे ने बताया कि मृत्यु के वक्त महिला की उम्र करीब 26 वर्ष रही होगी। उसके दाएं हाथ में तांबे की और बाएं हाथ में शंख की चूड़ियां हैं।
पैरों में मनकों की पाजेब व गले में हार है। इससे लगता है कि महिला काफी अमीर रही होगी। करीब चार हजार वर्ष पुराने इस कंकाल से मालूम होता है कि महिला के नैन-नक्श तीखे थे। कंकाल में दांत अब भी सुरक्षित हैं। शिंदे ने बताया कि यह कंकाल म्यूजियम में सर्वाधिक आकर्षित करेगा। म्यूजियम में इसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

Saturday, March 21, 2009

उकसाने वालों पर भी दाखिल हो चार्जशीट

सरिता कांड
दुष्कर्म की शिकार सरिता को डीजीपी दफ्तर में आत्महत्या के लिए उकसाने और इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ हाईकोर्ट ने सीबीआई को चार सप्ताह में चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया है। हाईकोर्ट ने सरकार से भी कहा है कि वह इन दोषियों के खिलाफ छह माह में विभागीय कार्रवाई करे। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर की अदालत में स्टेटस रिपोर्ट पेश की। सीबीआई के वकील ने रिपोर्ट में सरिता को आत्महत्या के लिए उकसाने व इस मामले में कोताही बरतने के लिए रोहतक के तत्कालीन डीएसपी धीरज सेतिया, थानाध्यक्ष पवन कुमार के अलावा रामफल, रामधारी व रणधीर सिंह को दोषी माना। हाईकोर्ट ने दोषी इन सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सीबीआई को चार सप्ताह में चार्जशीट दाखिल करने व हरियाणा सरकार को छह महीने के अंदर इन पर विभागीय कार्रवाई करने के आदेश देते हुए इस मामले को खत्म कर दिया। रेप मामले की स्टेटस रिपोर्ट में सीबीआई ने सरिता से गैंग रेप में रोहतक सीआईए के दो कर्मी सिल्कराम व बलराज को दोषी माना था। सीबीआई ने रिपोर्ट में कहा था कि रोहतक सीआईए स्टाफ ने सरिता के पति के खिलाफ झूठा केस बनाया। सरिता के कपड़े पर लगे वीर्य के निशान व आरोपियों के वीर्य के नमूने जांच में मेल नहीं खाते फिर भी सीबीआई के पास इस बात के पुख्ता सुबूत हैं कि सीआईए के

Friday, March 20, 2009

Mallika चुनाव की तैयारी में !

बॉलीवुड की हॉट गर्ल मल्लिका शेरावत अब हरियाणा की राजनीती के दंगल में भी अपना जलवा दिखाने की तैयारी में हैं। इनेलो उन्हें रोहतक से चुनावी मैदान में लानेकी तैयारी में है और इसके लिए बाकायदा पार्टी अपने सभी बॉलीवुड कांनेक्शन्स को भुनाने का प्रयास कर रही है।
हालाँकि पार्टी का कोई पदाधिकारी इसकी पुष्टिनहीं कर रहा है, लेकिन पार्टी से जुड़े विश्वस्त सूत्र इसपर न भी नहीं कर रहे हैं। इनेलो सुप्रीमो चौटाला के बेटे अभय चौटाला के बॉलीवुड में अच्छे रिश्ते हैं और पार्टी सीएम को उनके गृह जिले में घेरने के लिए इन रिश्तो को हर हाल में भुनाना चाहती है। यह लगभग तय है कि रोहतक संसदीय सीट से मुख्यमंत्री के बेटे दीपेन्द्र हुड्डा को टिकेट मिलना तय ही हैं। प्रदेश में कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद करने के लिए पार्टी को हेवी वेट उम्मीदवार लाना चाहती हैं ताकि पूरी प्रदेश सरकार को घर में ही घेरा जा सके।

मल्लिका मूल रूप से रोहतक जिले की ही हैं और चर्चा है कि वह अब राजनीती में तूफ़ान ला सकती हैं। यह भी एक वजह है कि पार्टी ने अभी एक भी प्रत्याशी घोषित नही किय है, जबकि प्रदेश में उनकी सहयोगी पार्टी भाजपा ने अपने कोटे कि पंचों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं।

Thursday, February 12, 2009

Trbutes to Ranbir Hooda

स्वतंत्रता सेनानी व संविधान सभा के सदस्य रणबीर सिंह हुड्डा की शोक सभा में श्रद्धांजलि देने के लिए जनसमुदाय उमड़ पड़ा। इस मौके पर राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी शोक संदेश भेजा। सीआर बहुतकनीकी संस्थान के ग्राउंड में आयोजित शोक सभा में सुबह से ही गीत-भजन व मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धांजलि का दौर चलता रहा। दोपहर एक बजे शुरू हुई शोक सभा दिवंगत नेता के जीवन पर बनाई गई डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इसमें स्वतंत्रता संग्राम में रणबीर हुड्डा के योगदान, राजनीतिक सफर व उनके मंत्रित्वकाल में तैयार हुई योजना खासकर भाखड़ा बांध परियोजना के बारे में दिखाया गया। राष्ट्रपति की ओर से मोतीलाल वोरा और सोनिया गांधी की ओर से जनार्दन द्विवेदी ने श्रद्धांजलि दी।

Thursday, February 5, 2009

Ranbir Hooda की अस्थियां प्रवाहित

महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान निर्मात्री समिति के सदस्य चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा की अस्थियां उनके पैतृक गांव सांघी के खेतों के अलावा भाखड़ा नांगल बांध और हथिनी कुंड बैराज में प्रवाहित की गई। बुधवार सुबह दिवंगत रणबीर सिंह हुड्डा के तीनों बेटे इंद्रजीत सिंह हुड्डा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा,धर्मेद्र सिंह हुड्डा व उनके पौत्र दीपेंद्र हुड्डा, सुखवेंद्र हुड्डा , हरेंद्र, सुनेंद्र व परिवार के अन्य सदस्य प्रात: संविधान स्थल पहुंचे और सभी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अस्थियां चुनी। अस्थियां चुनने के बाद समाधि स्थल पर पवित्र जल का छिड़काव किया गया व पुष्प अर्पित किए।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व उनके भतीजे सुखेंद्र हुड्डा मोनू अस्थियां लेकर भाखड़ा बांध नांगल के लिए रवाना हुए, जबकि हथनी कुंड बैराज, यमुनानगर में दिवंगत रणबीर सिंह की अस्थियां विसर्जन करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बडे़ भाई इंद्रसिंह हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा गए।
भाखड़ा बांध, नांगल के प्रति गहरे लगाव को ध्यान में रखते हुए उनकी अस्थियां भाखड़ा बांध व हथनी कुंड बैराज (यमुनानगर) में प्रवाहित की गई है।
इस बीच, मुख्यमंत्री के छोटे भाई धमेंद्र सिंह हुड्डा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अस्थि कलश लेकर गांव सांघी के खेतों व फार्म हाउस पर पहुंचे और विसर्जन किया।
दिवंगत रणबीर सिंह हुड्डा के संयुक्त पंजाब में बिजली एवं सिंचाई मंत्री के पद पर रहते हुए भाखड़ा बांध का निर्माण कार्य पूरा हुआ था।

Forensic Course को Medical Council की मान्यता

फोरेसिक मेडिसन में एमडी करने वालों के लिए खुशखबरी है। 20 सालों से मंजूरी की इंतजार में अटके इस कोर्स को अब मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) ने मान्यता दे दी है। यह कोर्स करने वाले डॉक्टर अब देश-विदेश में भी जॉब कर सकेंगे।
पिछले 20 वर्षो में पीजीआई रोहतक से फोरेसिक मेडिसन में एमडी की पढ़ाई कर चुके डॉक्टरों को भी इससे लाभ होगा। अब तक यह कोर्स करने वाले डॉक्टर केवल प्रदेश में ही जॉब करने को बाध्य थे, क्योंकि इनकी डिग्री हरियाणा से बाहर मान्यता नहीं रखती थी। इस कारण अनगिनत डॉक्टर आगे बढ़ने से वंचित थे।
20 सालों से अटका था मामला
एमडी इन फोरेसिक मेडिसन को रिकोग्नाइज्ड करवाने का मामला पिछले 20 सालों से पेंडिंग था। इस कोर्स को मान्यता के लिए प्रदेश के एक मात्र चिकित्सा संस्थान पीजीआईएमएस रोहतक ने उच्चाधिकारियों के पास भेजा था। जिसे अब मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) द्वारा मंजूरी दे दी गई है। पीजीआई कुलपति डॉ. एसएस सांगवान ने बताया कि फोरेसिक मेडिसन में एमडी कोर्स को एमसीआई से मान्यता मिल गई है।

Tuesday, February 3, 2009

Kundu Khap के प्रधान को गोली से उड़ाया

राष्ट्रीय कुंडू खाप के प्रधान चौधरी नाहर सिंह की मंगलवार शाम को गोलियों से भून डाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
चौधरी नाहर सिंह कुंडू बाइक पर सवार हो अनाज मंडी स्थित आढ़त की दुकान पर अपने भाई देवव्रत के पास जा रहे थे। चारा मंडी गेट से कुछ कदम आगे अचानक उस पर दनादन फायर किये गये। नाहर सिंह को अपने बचाव कुछ भी करने का मौका तक नहीं मिला। हमलावरों की गोलियां उनके सीने, मुंह एवं हाथ पर लगीं और वह मोटरसाइकिल के साथ बीच सड़क निढाल हो गये। नाहर सिंह की जान लेने के बाद हत्यारे सुनारियां चौक की ओर फरार हो गये। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी थी और बाद में एक बाइक पर दो युवकों को सुनारियां चौक की ओर भागते भी देखा। पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी मिली तो एसएसपी आलोक मित्ताल समेत भारी पुलिस अमला घटनास्थल पर पहुंचा। इस बीच चौधरी नाहर के भाई देवव्रत एवं कई करीबी लोग वहां पहुंच चुके थे। एसएसपी आलोक मित्ताल ने हालात का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस ने वहां से पिस्टल के तीन कारतूस एवं गोलियों के खोल भी बरामद किये। एसएसपी ने चौधरी नाहर सिंह के भाई देवव्रत एवं अन्य से विस्तार से बातचीत की। इसमें मालूम हुआ कि उन लोगों की नजदीकी गांव सुंदरपुर में कुछ लोगों से रंजिश चल रही है, जिसके चलते उसके दूसरे भाई योगेंद्र पर पिछली गर्मियों में गोलियां भी चलाई गई थीं। योगेंद्र पुलिस में है और फिलहाल करनाल में तैनात है। इस संदर्भ में समझौते के लिए भी हमलावरों की तरफ से नाहर सिंह पर लगातार दबाव डाला जा रहा था। वहीं एसएसपी आलोक मित्तल ने कहा कि हत्यारे चाहे जो भी हों, पुलिस उनको जल्द से जल्द काबू कर लेगी।

ताउम्र खलेगी पिता की कमी : हुड्डा

शोक में डूबे मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सिर से पिता का साया उठ जाने से वह असहाय महसूस कर रहे हैं। पिता जी की कमी जीवन पर्यत खलती रहेगी, क्योंकि पिता जी ने उन्हें विशेष स्नेह, अथाह प्रेम, आशीर्वाद और दुलार दिया। जिसने हमेशा प्रेरित किया है। मुख्यमंत्री बोले, आज वह इन सब चीजों से वंचित हो गए हैं। हुड्डा ने कहा कि जो व्यक्ति मां-बाप की सेवा करता है उसके समान भाग्यशाली कोई भी नहीं होता। भगवान की ऐसी अनुकम्पा भाग्यवान लोगों पर ही होती है। हुड्डा ने देश के इस सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित करने आए विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनसमूह इसका परिचायक है कि रणबीर सिंह ईमानदारी, सच्चाई और नेक-नीयत के धनी थे।
हृदय पटल में बसे रहेंगे दादाजी : दीपेंद्र हुड्डा : युवा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि रणबीर सिंह के निधन से संविधान सभा के सदस्य के रूप में आखिरी कड़ी समाप्त हो गई और इसके साथ ही अंत हो गया एक युग का। उन्होंने कहा कि वह अपने दादा चौ. रणबीर सिंह की गोद में खेले, पढ़े-लिखे और बडे़ हुए। उनके आशीर्वाद से ही जनसेवा के लिए राजनीति में आए। उनकी स्मृति हृदय पटल पर हमेशा बसी रहकर सदैव मार्गदर्शन करती रहेगी। दीपेंद्र ने कहा कि दादा जी के आदर्शो और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए वे जन सेवा के कार्य और अधिक निष्ठा, लगन और मेहनत से करेंगे।
11 फरवरी को होगी रस्म पगड़ी : स्वतंत्रता सेनानी रणबीर सिंह हुड्डा की रस्म पगड़ी 11 फरवरी को दोपहर एक से दो बजे के बीच स्थानीय जाट कालेज के प्रांगण में होगी। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

Monday, February 2, 2009

अलविदा Ranbir Hooda

राजकीय सम्मान के साथ Ranbir Hooda की अंत्येष्टि
संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य रणबीर सिंह हुड्डा की सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि कर दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में लोगों का हजूम उमड़ पड़ा। कई केंद्रीय मंत्री, थल सेना अध्यक्ष समेत अनेक नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानी को अंतिम विदाई दी।
रोहतक के डी-पार्क स्थित आवास पर सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता रणबीर हुड्डा का पार्थिव शरीर आम लोगों के दर्शन के लिए रखा गया। हजारों लोगों ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। दोपहर दो बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। उनका पार्थिव शरीर खुले वाहन में रखा गया। करीब साढ़े तीन बजे अंतिम यात्रा अंत्येष्टि स्थल पहुंची। अंतिम दर्शन के लिए रास्ते में लोग कतारबद्ध खड़े हुए थे।
दिवंगत नेता के पुत्र इंद्र सिंह हुड्डा ने मुखाग्नि दी। छुड़ानी धाम के महंत दयासागर ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ अंत्येष्टि करवाई। पुलिस टुकड़ी ने सलामी दी और जवानों ने हवाई फायर किए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, उनके भाई धर्मेंद्र हुड्डा, बेटे सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ दु:ख की घड़ी में प्रदेश भर से आए हजारों लोग उनके साथ थे।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, विदेश राज्य मंत्री आनंद शर्मा, थल सेना अध्यक्ष दीपक कपूर, राज्यपाल डा. एआर किदवई, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला, हजकां प्रमुख कुलदीप बिश्रनेई समेत प्रदेश कई मंत्री मौजूद थे।


Sunday, February 1, 2009

Tributes to Ranbeer Hooda











Ranbir Hooda का निधन

संविधान निर्मात्री सभा के अंतिम जीवित सदस्य एवं मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता सेनानी पिता Ranbir Singh Hooda का रविवार को निधन हो गया। वे 95 वर्ष के थे और अपने पीछे पत्‍‌नी हरदेई देवी एवं पुत्र-पौत्रों का भरापूरा परिवार छोड़ गये है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 3 बजे दिल्ली रोड स्थित आईएमटी के ग्रीन बेल्ट इलाके में किया जाएगा। उनके निधन से प्रदेश भर में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
दोपहर बाद चार बजकर चालीस मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के साथ ही हरियाणा की राजनीति का एक ऐसा अध्याय समाप्त हो गया, जिस पर आजीवन कोई उंगली नहीं उठा सका। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को दोपहर 3 बजे दिल्ली रोड स्थित आईएमटी परिसर में किया जाएगा। इससे पूर्व दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री आवास से उनकी अंतिम सांसारिक यात्रा शुरू होगी। सड़क के दोनों ओर खड़े होकर जनता अपने चहेते नेता के अंतिम दर्शन कर सकेगी। रणबीर सिंह हुड्डा करीब चार सप्ताह से बीमार चल रहे थे। पीजीआई एवं दिल्ली के डाक्टर उनका उपचार कर रहे थे। कुछ दिन पीजीआई में रखने के बाद उनको घर पर ही रहते हुए उपचार दिया जा रहा था। हाल में उनकी तबीयत अधिक खराब हो गई थी। इसी के चलते मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी चंडीगढ़ की बजाय अपने पिता के पास रहने को ही तवज्जो दी। वह करीब तीन सप्ताह से रोहतक में ही अपने पिता के पास थे। रणबीर हुड्डा के स्वास्थ्य में कई बार उतार-चढ़ाव आए। शनिवार को दोपहर अचानक उनकी तबीयत और भी नाजुक हो गई और मुख्यमंत्री एवं उनके सांसद पुत्र ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर घर पर ही रहना तय किया। इसी बीच अनेक समर्थकों ने हुड्डा के स्वास्थ्य लाभ की कामना की। रविवार की सुबह उनके स्वास्थ्य में कुछ सुधार हुआ और परिजनों एवं बाकी लोगों को भी कुछ राहत नसीब हुई लेकिन, यह राहत अधिक वक्त के लिए नहीं थी। थोड़े वक्त बाद ही रणबीर के स्वास्थ्य में फिर गिरावट हुई और दिल्ली एवं पीजीआई के डाक्टरों की टीम ने जीवन रक्षक उपकरण की भी मदद ली मगर, दुर्भाग्य कि उनके जीवन को बचाया नहीं जा सका। मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खुद बाहर आकर यह दु:खद समाचार लोगों को दिया तो वहां शोक की लहर दौड़ गई।

महिला का murder, फांसी पर लटकाया

रोहतक के गांव खिडवाली में एक महिला की हत्या के बाद उसे फांसी पर लटकाकर आत्महत्या पेश करने का प्रयास किया गया। सदर पुलिस ने पति की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हत्या के आरोपी एक कुटुंब से ही संबंधित है और उनमें दो महिलाएं भी शामिल है।
पुलिस ने बताया कि सुनीता पत्‍‌नी राजकुमार का शव आज छत के पंखे से लटकता पाया गया। राजकुमार धान बेचने गया हुआ था और बच्चे पड़ोस में खेल रहे थे। लौटने पर उसने अपनी पत्‍‌नी को मरा हुए पाया। उसने आरोप लगाया है कि कुटुंब के ही लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसकी पत्‍‌नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी और बाद में सबूत मिटाने के लिए उसे फांसी पर लटकाया है।

Friday, January 30, 2009

Maham में हड़प्पाकालीन कब्रिस्तान मिला

पांच हजार वर्ष पूर्व विकसित हड़प्पाकालीन सभ्यता को समेटे 'दक्ष खेड़ा' में नए इतिहास की परतें खुल रही है। पुरात्ववेताओं ने नार्थ इंडिया का हड़प्पाकालीन सबसे बड़ा कब्रिस्तान खोजा है।
शोध में लगे महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक एवं डेक्कन कालेज विश्व विश्वविद्यालय, पुणे तथा Huminity Research Institute क्योटा के शोधार्थियों ने उत्कृष्ट प्राचीन सभ्यता के अलावा आरंभिक हड़प्पाकालीन सभ्यता का नार्थ इंडिया में सबसे बड़ा कब्रिस्तान खोजने में सफलता पाई है।
महम खंड के बड़े गांव फरमाणा में दक्ष खेड़ा के नाम से प्रदेश भर में विख्यात एक भूखंड प्राचीन इतिहास की परतें खोल रहा है। पुरातत्व दक्ष खेड़ा के पास जहां पांच हजार साल से अधिक पूर्व की आरंभिक हड़प्पाकालीन सभ्यता का नगर विकसित था। वहीं इससे कुछ ही दूरी पर उक्त प्राचीन सभ्यता को समेटे विशाल नगर के अस्तित्व को सार्थक करता विशाल कब्रिस्तान भी है। कब्रिस्तान मिलने के बाद प्राचीन इतिहास की समृद्धि की खोजबीन में लगे शोधार्थी ने बताया कि दक्ष खेड़ा के विशाल नगर का यह कब्रिस्तान नार्थ इंडिया में हड़प्पाकालीन सभ्यता का सबसे बड़ा कब्रिस्तान है। लगभग तीन हेक्टेयर में फैले इस कब्रिस्तान से ही दक्ष खेड़ा पर विकसित विशाल नगर की भव्यता व संपन्नता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उत्खनन के दौरान इस विशाल कब्रिस्तान में अब तक 68 लोगों की कब्रें मिल चुकी हैं और संभावनाओं के चलते उत्खनन जारी है। खास बात यह है कि लाश के साथ मिलने वाले मिट्टी के बर्तन एवं अन्य सामान से मरने वाले की आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। कब्र में लाश के साथ मिलने वाले छोटे व कम मिट्टी बर्तन आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग व्यक्ति की पहचान कराते है जबकि बड़े व अधिक बर्तन व अन्य धातु की वस्तुएं संभवत: आर्थिक संपन्नता का परिचायक है। उत्खनन से आरंभिक हड़प्पाकालीन नगर की सुव्यवस्था सामने आई है जो वर्तमान में हुडा आदि द्वारा बनाये जा रहे सेक्टरों को भी मात दे रही है। विशाल चौराहे व लंबी चौड़ी समांतर गलियां तत्कालीन इतिहास की संपन्नता का विस्तृत अवलोकन कराने में समर्थ है।

अपहरण के बाद युवक का murder

रोहतक के गांव हुमायुंपुर में लापता हुए युवक प्रकाश को उसके ही दोस्तों ने अवैध संबंधों के चलते ठिकाने लगा दिया था तथा शव गांव सिसाना के खेतों में डाल दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में दो को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया।
21 जनवरी को गांव हुमायुंपुर निवासी प्रकाश संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी प्रकाश का कहीं सुराग नहीं लगा तो उसके भाई वेद सिंह ने 28 जनवरी को अपने भाई अपहरण को शिकायत दर्ज करवा दी तथा अपहरण का आरोप गांव चांदी निवासी मंजीत, समरगोपाल निवासी प्रमोद उसकी पत्‍‌नी व एक अन्य पर लगाया था। मंजीत व प्रमोद ने पुलिस हिरासत में जो खुलासा किया उससे पुलिस व पीड़ित के परिजनों के होश उड़ गए।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि प्रकाश के आरोपी प्रमोद की बहन के साथ अवैध संबंध थे, जिसका पता लगने पर प्रकाश को कई बार इस बारे में मना किया था। लेकिन वह नहीं माना।
अपनी समाज में बेइज्जती के भय के कारण प्रमोद ने उसे ठिकाने लगाने का मन बना डाला तथा वहीं से murder के लिए प्लान बनानी शुरू कर दी। योजना के तहत प्रमोद ने प्रकाश से दोस्ती बना ली। योजना के तहत ही प्रमोद बीती 21 जनवरी को बहन के घर जाने के बहाने अपने दोस्त मंजीत व दो अन्य को लेकर हुमायुंपुर पहुंचा तथा प्रकाश से मिला। बहला-फुसला कर सभी दोस्तों से एक साथ इकट्ठा बैठकर जमकर शराब पी व गांव सिसाना की तरफ निकल आए। चारों युवकों ने प्रकाश को रस्सी से बांधकर नीचे डाल दिया व उसके बाद गला घोंटकर उसे खत्म कर दिया तथा शव वहीं खेतों में डाल दिया। पुलिस ने दो अन्य आरोपी व दो महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।

छेड़छाड़ से दुखी महिला ने की suicide

छेड़छाड़ से दु:खी महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले रजनी के बयान को आधार बना पुलिस ने युवक यशपाल उर्फ जस्सू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सूबे सिंह अपने परिवार के साथ सूर्य नगर में रहता है। बीते दिन उसकी पत्‍‌नी रजनी घर में अकेली थी। यह देख पड़ोस में रहने वाले आरोपी यशपाल उर्फ जस्सू की नीयत बिगड़ गई। वह घर में घुसा और रजनी से छेड़छाड़ करने लगा। रजनी ने विरोध किया तो जस्सू ने कहा कि बात नहीं मानी तो पूरी कालोनी में बदनाम कर देगा। बावजूद इसके रजनी शोर मचाने लगी। यह देख जस्सू जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। इस घटना से मानसिक तौर पर रजनी इतनी परेशान हो गई कि उसने खुद को खत्म करने के लिए जहर निगल लिया। देर रात को रजनी दम तोड़ गई। इस बीच पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Thursday, January 29, 2009

माचिस के बदले मौत

अनजान लड़कों के मांगने पर उसने सिगरेट सुलगाने के लिए माचिस निकालकर पकड़ा दी। यह ध्यान नहीं दिया कि माचिस के साथ जेब से निकले रुपये देखकर माचिस मांगने वालों की नियत बिगड़ चुकी है। इस छोटी सी भूल की कीमत कर्मबीर को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए दो कातिलों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 24 दिसंबर को जुलाना वासी टैक्सी चालक कर्मबीर की हत्या के मामले का पटाक्षेप कर दिया है। हत्या के आरोप में गांव गढ़ी बोहर के रहने वाले अमित व संदीप को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया है कि उन्होंने रुपये के लालच में उसे चाकुओं से गोदकर मौत दी थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अमित व संदीप ने बताया है कि वे दोनों दोस्त है। उस रोज उन्होंने शराब पी हुई थी। बाद में वे खाने के लिए बाबा मस्तनाथ मंदिर के सामने बने होटल पर चले गये। वहां जुलाना का रहने वाला कर्मबीर भी खाना खा रहा था। उन्होंने कर्मबीर से सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी। उसने माचिस निकाली तो साथ में जेब से रुपये भी निकल आये। अमित व संदीप की नजर रुपये पर गई और उनका दिमाग ठनका। सिगरेट के कश लगाते हुए दोनों ने गुटरगूं की और महज दो मिनट में ऐसी खतरनाक योजना का खाका खींच डाला, जिसका कर्मबीर को रति भर भी अंदाजा न हुआ। कर्मबीर उठकर चलने लगा तो अमित व संदीप ने लिफ्ट की रिक्वेस्ट की। उनके नापाक इरादों से अनजान कर्मबीर ने दोनों को जीप में बिठा लिया। जीप गांव खेड़ी साध के खेतों के पास से गुजर रही थी तो दोनों ने पेशाब के बहाने उसे रुकवा लिया और कर्मबीर पर चाकुओं से हमला बोल उसका काम-तमाम कर रुपये लूट लिए। लाश को खेतों में फेंककर वे दोनों मौके से फरार हो गये।

Wednesday, January 28, 2009

Rohtak आएगी Maruti

अब ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजूकी रोहतक में प्रोजेक्ट लगाने को तैयार है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गृह जिले रोहतक में मारुति सुजूकी यहां करीब एक हजार करोड़ रुपए का निवेश करने जा रही है। कंपनी के जापान मुख्यालय ने रोहतक में प्रोजेक्ट लगाने को मंजूरी दे दी है।
राज्य औद्योगिक व आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) रोहतक आईएमटी के फेज दो में कंपनी को करीब 600 एकड़ जमीन देगा। प्रोजेक्ट से जुड़े ज्यादातर मुद्दों पर दोनों पक्षों में सहमति बन चुकी है जबकि कुछ मुददों पर एचएसआईआईडीसी और कंपनी के अफसरों में बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि परियोजना का काम जून से शुरू हो जाएगा।
क्या होगा परियोजना में :
मारुति सुजूकी अपनी गाड़ियों को हर तरह के माहौल में परखने के लिए यहां ड्राइविंग टेस्टिंग सेंटर बनाएगा। गाड़ियों के लिए जरूरी रिसर्च और डिजाइनिंग (आरएंडडी) का काम भी यहां होगा। इस परियोजना से करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।