Tuesday, January 20, 2009

एएसआई व पत्नी को भूना

भिवानी से अपने पैतृक गांव भैणी भैरो लौट रहे हरियाणा पुलिस में तैनात एक एएसआई व उसकी पत्नी को बदमाशों ने गोलियों से भून डाला। बोलेरो जीप में आए बदमाश वारदात के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गये। गंभीर हालत में दंपति को तुरंत पीजीआई में भर्ती कराया गया है। बाढड़ा पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई राजबीर भिवानी में रहता है। सोमवार शाम वह पत्नी लाडो देवी के साथ मोटर साइकिल पर अपने पैतृक गांव महम के भैणी भैरो आ रहा था। गांव के नजदीक पीछे से बोलेरो जीप में कई बदमाश आए और दंपति पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली एएसआई राजबीर के जबड़े को चीरती हुई निकल गई जबकि एक अन्य गोली उसकी पत्नी लाडो को कनपटी पर लगी। इससे दोनों लहूलुहान हो सड़क पर गिर पड़े। घायल राजबीर ने हिम्मत दिखाई और उठकर सरसों के खेत में जा छिपा। इसी बीच, कुछ ग्रामीण भी मदद को आगे आए तो हमलावर हथियार लहराते हुए भाग खड़े हुए। उनके निकलते ही राजबीर अपनी पत्नी के पास आया। उसने बाइक उठाई और जख्मी होने के बावजूद उसे स्टार्ट कर गांव पहुंच गया। पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी और इसी बीच घायल दंपति को पीजीआई भेज दिया।

1 comment:

संगीता पुरी said...

घटना से साफ है कि आजकल गुंडों की हिम्‍मत कितनी बढती जा रही है.....ईश्‍वर करे.....ए एस आई और उनकी पत्‍नी चिकित्‍सा से ठीक हो जाएं।