Showing posts with label Naveen Jindal. Show all posts
Showing posts with label Naveen Jindal. Show all posts

Sunday, May 17, 2009

प्रदेश की राजनीति अब युवाओं के हाथ

रोहतक - दीपेन्द्र हुड्डा


करनाल - अरविन्द शर्मा

भिवानी - श्रुति चौधरी

अम्बाला - शैलजा गुडगाँव- राव इन्द्रजीत

कुरुक्षेत्र - नवीन जिंदल

सोनीपत - जितेन्द्र मलिक

फरीदाबाद - अवतार भडाना

सिरसा - अशोक तंवर

हरियाणा की राजनीति अब युवाओं के हाथ में है। प्रदेश के नवनिर्वाचित सांसदों में से पांच 40 वर्ष से कम उम्र के हैं और दो सांसदों की उम्र भी 50 वर्ष से कम है। यही नहीं, प्रदेश के युवाओं की यह जमात पढ़ी-लिखी और केंद्रीय राजनीति में राहुल गांधी की यंग ब्रिगेड में सबसे मजबूत पकड़ भी रखती है।
15वीं लोकसभा के लिए घोषित हुए नतीजों में रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा 31 वर्ष के हैं। चार वर्ष पहले विदेश से नौकरी छोड़कर परिवार की राजनीतिक विरासत संभालने वाले दीपेंद्र इस बार एक मंजे हुए राजनेता के तौर पर उभरे हैं। सिरसा से सांसद चुने गए अशोक तंवर की उम्र 33 वर्ष है।
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष तंवर राहुल गांधी की पसंद के उम्मीदवार थे। एक महीने के अंदर सिरसा से विजयश्री हासिल करने से उनका कद और ज्यादा बढ़ा है। भिवानी से पहली बार सांसद बनी श्रुति चौधरी भी 33 वर्ष की ही हैं। बंसी लाल परिवार की विरासत संभालने वाली श्रुति हालांकि पिता सुरेंद्र के साथ राजनीति का ककहरा सीखी, लेकिन फिलहाल उनकी मां किरण चौधरी की उसे सांसद बनाने में सबसे ज्यादा भूमिका रही।
सोनीपत से संसद पहुंचे जितेंद्र मलिक 40 वर्ष के हैं। उनके पिता भी कैलाना (सोनीपत) से विधायक रहे हैं और खुद जितेंद्र भी वहीं से विधायक हैं। कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल की उम्र 39 वर्ष है। जिंदल इंडस्ट्रीज के मालिक नवीन के पिता ओपी जिंदल हरियाणा सरकार में मंत्री रहे हैं। खुद नवीन भी दूसरी बार सांसद बने हुए हैं और केंद्रीय राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं।


हिसार -भजनलाल


सबसे उम्रदराज भजनलाल

करनाल के सांसद डा. अरविंद शर्मा 46 वर्ष के हैं। व अंबाला से सांसद बनी शैलजा 47 वर्ष की हैं। फरीदाबाद से सांसद अवतार सिंह भड़ाना 53 वर्ष के हैं। वह मेरठ जैसी सीट से भी सांसद रह चुके हैं। गुड़गांव से सांसद राव इंद्रजीत सिंह 59 साल के हैं। नवनिर्वाचित सांसदों में सबसे उम्रदराज सांसद पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल हैं, जिनकी उम्र 77 वर्ष है। प्रदेश के लाल युग के वह एकमात्र जीवित दिग्गज हैं और प्रदेश में एकमात्र गैर कांग्रेस सांसद चुनकर 15वीं लोकसभा में प्रवेश कर रहे हैं।

Monday, April 13, 2009

नवीन जिंदल पर फेंका जूता




प्रसिद्ध उद्योगपति एवं लोकसभा चुनावों के लिए कुरुक्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी नवीन जिंदल पर शुक्रवार को कार्यकर्ता मीटिंग के दौरान एक सेवानिवृत्त प्रिंसिपल ने जूता फेंक दिया। इस अप्रत्याशित घटना से सभी अवाक रह गए। कार्यकर्ताओं ने उसे दबोच लिया और धुनाई शुरू कर दी। बड़ी मुश्किल से उसे भीड़ से बचाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में आरोपी के शराब पिए होने की पुष्टि हुई है। सांसद नवीन जिंदल ने शुक्रवार को सेक्टर-13 स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में थानेसर ब्लाक के पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई थी। इसमें थानेसर से विधायक रमेश गुप्ता व जिला कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान साहब सिंह सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। अचानक सामने दरी पर बैठा एक व्यक्ति उठा और जोर से चिल्लाते हुए एक पैर से जूता निकालकर सांसद की ओर फेंक दिया। माइक की आवाज के बीच उसकी आवाज स्पष्ट रूप से नहीं सुनी जा सकी। घटना से सांसद सहित सभी व्यक्ति हक्के-बक्के रह गए। घटना से सकपकाए विधायक रमेश गुप्ता ने जूता उठाया और फेंकने वाले की ओर फेंक दिया। इतने में पास बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपी को काबू कर लिया और उसे पीटते हुए पंडाल से बाहर ले गए। बड़ी मुश्किल से उसे कार्यकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी की पहचान पहचान सेवानिवृत्त प्रिंसिपल राजबल सिंह सहारण के रूप में हुई है जो सेक्टर-13 का ही निवासी है। वह मूल रूप से खरक पांडु (कलायत) गांव का रहने वाला है। राजबल ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि चौटाला शासन के दौरान नौकरी पर लगाए गए लोगों को कांग्रेस के शासन में निकाल दिया गया। उनका बेटा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में क्लर्क के तौर पर कार्यरत था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उसे हटा दिया। पुलिस अधीक्षक केवी रमणा ने संपर्क करने पर बताया कि जिला युवा कांग्रेस प्रधान (ग्रामीण) अशोक खरकाली की शिकायत पर जूता फेंकने के आरोपी राजबल के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ शराब पीकर हुड़दंग करने, बिना अनुमति प्रवेश करने, अपमान करने और कार्यकर्ताओं को धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी ने बताया कि आरोपी का मेडिकल करवा लिया गया है, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हो गई है। घटना के पीछे विपक्ष का.. न तो वह पार्टी का सदस्य है और न ही उसे आमंत्रित किया गया था। युवा सांसद ने कहा कि घटना के बाद जूता फेंकने वाला एक विपक्षी नेता का नाम ले रहा था। इस मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस घटना के बावजूद उनके मन में आरोपी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है और वे उसे क्षमा करते हैं।