भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने देश के किसानों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि केंद्र में राजग की सरकार आई तो किसानों को चार प्रतिशत की दर से कृषि ऋण मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने काग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने हमेशा पूंजीपतियों के लिए राजनीति की है। यही कारण है कि आज महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, जबकि राजग के कार्यकाल में पूरे छह वर्ष तक आवश्यक वस्तुओं की कीमतें स्थिर थीं।
राजनाथ सिंह रविवार को बल्लभगढ़ में राजग की रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी सरकार में उनके कृषि मंत्री रहने के समय ही किसानों को सस्ता ऋण मुहैया कराने की शुरुआत की गई थी। रैली में राजनाथ सिंह ने किसानों को लुभाने के भरपूर प्रयास किए।
उन्होंने किसानों के प्रति हमदर्दी जताते हुए कृषि आमदनी बीमा योजना और दीर्घकाल में प्रत्येक किसान परिवार के एक सदस्य को रोजगार मुहैया कराने का वादा भी किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में आतंकवाद फिर से सिर उठाने लगा है। इस कारण आज देश में कोई भी व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने अपील की कि कांग्रेस और भाजपा के कार्यकाल और नीतियों की तुलना कर आसन्न लोकसभा चुनाव में राजग के हाथ मजबूत करे।
रैली को संबोधित करते हुए इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के राज से आज देश का हर वर्ग दुखी है। किसानों को बिजली-पानी और फसलों के समर्थन मूल्य दिलाने में भी सरकार पूरी तरह से असफल रही है। एसईजेड के नाम पर औद्योगिक घरानों को किसानों की बेशकीमती जमीनें कौड़ियों के भाव में बेची जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विजय संकल्प रैली में कांग्रेस का प्रदेश से सूपड़ा साफ करने का संकल्प लेकर ही घर जाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार आने पर प्रदेश में स्लम बस्तियों में रहने वाले लोगों को पक्का आवास मुहैया कराया जाएगा और कालोनियों में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराकर उन्हे वैध किया जाएगा।
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सुषमा स्वराज ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारी में जी-जान से जुट जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीने दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं के लिए करो या मरो की स्थिति वाले है। रैली को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पूर्व मंत्री संपत सिंह व पूर्व सांसद रामचंद्र बैंदा ने भी संबोधित किया।
Showing posts with label Rajnath. Show all posts
Showing posts with label Rajnath. Show all posts
Sunday, February 1, 2009
Sunday, January 11, 2009
पाक पर बोलेंगे हमला : राजनाथ
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने साफ़ कहा है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियां जारी हैं। अब बातों का समय नहीं है। विश्व को विश्वास में लेकर पाक के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करनी चाहिए।वह रविवार को गुड़गांव में राजग की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के साये में सांस ले रहा है। केंद्र सरकार समय सीमा तय करे कि अमुक तिथि तक पाकिस्तान भारत के खिलाफ चल रही आतंकी गतिविधियां बंद करे, नहीं तो सैनिक कार्रवाई की जाएगी। लेकिन केंद्र सरकार इस मामले में सक्षम नहीं है। इसका समाधान राजग की सरकार ही कर सकती है। राजग सरकार बनने पर सीधा हमला किया जाएगा।
रैली को संबोधित करते हुए इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि न तो हरियाणा में बिजली है, न पानी। कानून व्यवस्था भी पूरी तरह विफल है। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुषमा स्वराज, भाजपा के हरियाणा प्रभारी विजय गोयल मौजूद रहे।
Subscribe to:
Posts (Atom)