Showing posts with label KUK. Show all posts
Showing posts with label KUK. Show all posts
Saturday, June 27, 2009
KU के BA Final में भी कुडि़यों की धाक
शुक्रवार को घोषित हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बीए फाइनल के नतीजों में फिर लड़कियों ने बाजी मारी है। शीर्ष 10 स्थानों पर उन्हीं का कब्जा है। जींद के हिंदू कन्या कालेज की छात्रा वंदना ने 1027 अंकों (85.58 फीसदी) के साथ टॉप किया है। केयू परीक्षा शाखा के नियंत्रक यशपाल गोस्वामी ने बताया कि परीक्षा में इस बार कुल 49623 विद्यार्थी बैठे थे, जिनमें 29768 सफल रहे। परीक्षा परिणाम 59.68 प्रतिशत रहा है। विभिन्न कारणों से 2358 परीक्षार्थियों का परिणाम रोक लिया गया। टाप टेन की सूची में दूसरा स्थान करनाल के गवर्नमेंट कालेज की पूनम मक्कड़ (85.08 प्रतिशत) को मिला है। तीसरे स्थान पर हांसी के एसडी कालेज की मंजू शर्मा (84.58 प्रतिशत) रही। इसी कालेज की रेखा यादव (83.50 प्रतिशत) चौथे, निधि ( 82.55 अंक) सातवें और पूनम (82.25 प्रतिशत) दसवें स्थान पर है। पांचवां स्थान प्राप्त किया है देव समाज कन्या कालेज की रितुका रानी (82.83 प्रतिशत) ने। सिरसा के सीएमके नेशनल गर्ल्स कालेज की नेहा अरोड़ा (82.58 प्रतिशत) को छठा और गवर्नमेंट कालेज नारायणगढ़ ( अंबाला) की सोना चौधरी (82.50 प्रतिशत) को आठवां और शाहाबाद के आर्य कन्या महाविद्यालय की शिल्पी आनंद (82.33 प्रतिशत) को नौवां स्थान मिला है।
Tuesday, June 23, 2009
कुवि ने 248 करोड़ का बजट किया पास
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने सोमवार को 248 करोड़ 65 लाख रुपये का बजट पास किया। विभिन्न मदों से कुवि साल भर में 174 करोड़ 38 लाख रुपये कमाएगी, जबकि 74 करोड़ 26 लाख रुपये अनुदान के जरिये जुटाए जाएंगे। कोर्ट की बैठक मुख्य तौर पर बजट के लिए आयोजित की गई थी। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया। स्नातकोत्तर के नियमित व पत्राचार कोर्साें में एकरूपता पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। कुलपति ने दोनों पाठयक्रमों में एकरूपता लाने का आश्वासन दिया। साथ ही कुवि की कार्यकारिणी परिषद, अकादमिक परिषद व कोर्ट में शिक्षकों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने को लेकर गठित समिति की संस्तुतियों पर भी कोर्ट ने विचार किया है। महाविद्यालयों के अधिष्ठाता प्रो. टीआर कुंडू, कुटा अध्यक्ष प्रो. नरविंद्र सिंह कौशल, हरियाणा कालेज टीचर्स एसोसिएशन के महासचिव डा. राजवीर पराशर, एसडी महाविद्यालय पानीपत के प्राचार्य केएस ढिल्लों व राजकीय महाविद्यालय करनाल के प्राचार्य राधेश्याम शर्मा सहित समिति के सभी सदस्यों ने इन निकायों में शिक्षकों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की संस्तुति की है। कोर्ट व अकादमिक परिषद के लिए राजकीय महाविद्यालयों व व्यवसायिक संस्थानों और कालेजों का एक-एक अलग चुनाव क्षेत्र बढ़ाने की सिफारिश की गई है। इसके अलावा कार्यकारिणी परिषद के लिए भी संबद्ध महाविद्यालयों व मेंटेन्ड कालेजों और सेल्फ फाइनेंस संस्थानों से एक-एक चुनाव क्षेत्र बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
Saturday, March 21, 2009
चारों विश्वविद्यालयों का एकेडमिक कैलेंडर एक
प्रदेश के कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, चौ. देवी लाल विश्वविद्यालय व खानपुर महिला विश्वविद्यालय का एकेडमिक कैलेंडर अगले सत्र से एक होगा। इस कैलेंडर का विमोचन जल्द किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विवि में पिछले दिनों हुई चारों यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रदेश की प्रमुख विश्वविद्यालयों में एक जैसी शिक्षा, परीक्षा का समय, शैक्षणिक दिवस और दाखिले का समय एक करने की तैयारियां की जा रही हैं। एकेडमिक कैलेंडर एक होने से विद्यार्थियों को दाखिला लेने व माइग्रेशन कराने संबंधी मामलों में काफी फायदा होगा। पहले एडमिशन के समय अलग-अलग होने के कारण विद्यार्थी एक समय में एक ही विश्वविद्यालय में आवेदन कर पाते थे। अब किसी का ट्रांसफर हो जाने, अच्छी फैकल्टी या अन्य कारणों से विश्वविद्यालय बदलना भी काफी आसान हो जाएगा। आगामी सत्र से लागू हो रहे सेमेस्टर सिस्टम में पाठ्यक्रम को पहले ही एक किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की तर्ज पर ही मदवि में कंप्यूटर एजुकेशन लागू किया जा रहा है। इस संदर्भ में कुरुक्षेत्र में हुई बैठक में मदवि की ओर से डीन एकेडमिक अफेयर डा. सुरेंद्र कुमार, एकेडमिक ब्रांच के इंचार्ज सुखबीर सिंह ने भाग लिया।
Subscribe to:
Posts (Atom)