Showing posts with label Sirsa. Show all posts
Showing posts with label Sirsa. Show all posts

Wednesday, April 1, 2009

Sirsa : तीन जिलों के मतदाता चुनेंगे सांसद

लोकसभा चुनाव में सिरसा संसदीय सीट के लिए सांसद चुनने के लिए संबंधित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को कई तरह की सियासी कसरत करनी पड़ेगी। नरवाना से डबवाली तक इससे पहले लोकसभा चुनाव मैदान में कूदने वाले प्रत्याशियों को सिरसा संसदीय सीट के चुनाव में सिरसा और फतेहाबाद दो जिलों के नौ विधानसभा क्षेत्रों सिरसा, रोड़ी, दड़बाकलां, डबवाली, ऐलनाबाद, फतेहाबाद, रतिया, टोहाना व भट्टू के मतदाताओं से ही संपर्क करना होता था। इस बार उन्हें तीसरे जिले जींद के नरवाना विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से भी वोट मांगने पड़ेंगे, क्योंकि नए परिसीमन के मुताबिक नरवाना विधानसभा क्षेत्र को भी सिरसा संसदीय सीट के साथ जोड़ दिया गया है।
नए परिसीमन के मुताबिक इस बार सिरसा जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में से रोड़ी और दड़बाकलां को खत्म कर दिया गया है और दो नए विधानसभा क्षेत्र के तौर पर कालांवाली व रानियां को बना दिया गया है। सिरसा संसदीय सीट के लिए 9 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा जिनमें से 5 विधानसभा क्षेत्र जिला सिरसा के अन्तर्गत आते हैं। सिरसा संसदीय क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले तीन जिलों के 9 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 13,06636 मतदाता हैं इन मतदाओं में सिरसा जिले से 6 लाख 72 हजार 390 मतदाता हैं।
भट्टू भी हुआ फतेहाबाद से बाहर
विधानसभा क्षेत्र भट्टू को नए परिसीमन के तहत फतेहाबाद जिले से बाहर कर दिया गया है। उसकी जगह पर जींद जिले के नरवाना विधानसभा क्षेत्र को शामिल किया गया है। इस क्षेत्र से इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला व बिजली मंत्री रणदीप सुरजेवाला के बीच उठापटक होती रही है और दोनों ही इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अलबत्ता रणदीप सुरजेवाला तो अभी भी प्रतिनिधित्व कर ही रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में ये दोनों नेता इस क्षेत्र से अपनी किस्मत नहीं आजमा सकेंगे, क्योंकि इस क्षेत्र को आरक्षित सीट कर दिया गया है।

सिरसा सीट में विधानसभा क्षेत्र :

सिरसा, कालांवाली, रानियाँ, डबवाली, एलनाबाद (जिला सिरसा)

फतेहाबाद, टोहाना, रतिया (जिला फतेहाबाद)

नरवाना (जिला जींद)

प्रत्याशी :
बसपा ने राजेश वैद को प्रत्याशी घोषित किया है।

इनेलो ने सीताराम को प्रत्याशी बनाया है।

हजकां और कांग्रेस को अभी उम्मीदवार नहीं मिल पाया है।

Tuesday, March 31, 2009

आसमा में तिरंगा

भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम ने शुक्रवार को कौशल दिखाया और आसमानी तिरंगा बना दिया।
विंग कमांडर जॉय थॉमस कूरियन के नेतृत्व में टीम के सदस्यों ने एमके-2 विमान का इस्तेमाल किया।

Sunday, March 22, 2009

BPL का गेहूं डकार गए

दो डीएफएससी, दो एएफएसओ भ्रष्टाचार के मामले में फंसे

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के दो डीएफएससी, दो एएफएसओ, चार सब इंस्पेक्टर तथा सात डिपो होल्डरों पर विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के मामले में शिकंजा कस लिया है। इन पर केरोसिन व बीपीएल परिवारों के हिस्से का गेहूं डकारने का आरोप है। विजिलेंस ने इन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिरसा में 2005-06 के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने गलत तरीके से जिले में नौ लाख 96 हजार लीटर केरोसिन अतिरिक्त चहेते डिपो होल्डरों में बांटकर लाखों रुपये डकार लिए। मामला उस समय उजागर हुआ, जब कुछ डिपो होल्डरों ने अधिकारियों द्वारा निर्धारित रिश्वत राशि बढ़ाने पर विरोध शुरू कर दिया। असंतुष्ट डिपो होल्डरों ने राज्य चौकसी ब्यूरो को इस संबंध में शिकायत की। इसमें आरोप लगाया गया कि संबंधित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने केरोसिन के प्रत्येक ड्रम पर 150 रुपये, बीपीएल परिवारों के गेहूं पर प्रति क्विंटल 20 रुपये, चावल पर प्रति क्विंटल 25 रुपये के हिसाब से रिश्वत निर्धारित की है। साथ ही गैस एजेंसी संचालकों से 10 लाख रुपये प्रति माह रिश्र्वत वसूली जा रही है। राज्य चौकसी ब्यूरो के अधिकारियों ने इस संबंध में जांच पूरी कर आरोपी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी संचालकों से दस लाख रुपये प्रति माह वसूली के आरोप साबित नहीं हो पाए, लेकिन शेष आरोप सही पाए गए हैं। विजिलेंस जांच अधिकारी ने रिपोर्ट दी है कि वर्ष 2005-06 के दौरान सिरसा में तैनात दो डीएफएससी हंसराज भादू, आरती मैदान, दो एफएसओ महेंद्र कुमार व बलवंत सिंह, चार सब इंस्पेक्टर ओमकुमार, रामप्रकाश, जयभगवान, सुरेश आर्य और सात डिपो धारकों ने कालाबाजारी कर लाखों रुपये डकार लिए। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120 बी आईपीसी व 13(1) पीसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विजिलेंस ने चार सब इंस्पेक्टरों व सात डिपो होल्डरों पर भी शिकंजा कसा.

Friday, March 20, 2009

फर्जी आईपीएस की बीबी ने खोली पोल

संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चयनित होकर आईपीएस बने अभिषेक कौशिक की असलियत से पर्दा उठ गया है। आईपीएस बनने के नाम पर शादी रचाने वाले अभिषेक कौशिक ने नहीं, बल्कि जयपुर के इसी नाम के एक अधिकारी ने इस परीक्षा में 225वां रैंक प्राप्त किया, बाद में इस अधिकारी ने सर्विस को ज्वाइन नहीं किया और सिरसा के अभिषेक ने इसी का फायदा उठाया। अब सब सच सामने आ गया है और आईपीएस कहलाने वाला अभिषेक अपनी पत्‍‌नी की शिकायत पर पुलिस के हत्थे चढ़कर सलाखों के पीछे पहुंच गया है। पुलिस ने अदालत से एक दिन के रिमांड के बाद अभिषेक से पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में चार अन्य के विरुद्ध भी केस दर्ज हुआ है। सिरसा के भादरा बाजार में रहने वाला अभिषेक उस वक्त सुर्खियों में आया जब संघीय लोक सेवा आयोग की वर्ष 2006 की लिखित परीक्षा में उसे 225वां रैंक मिलने की जानकारी पहुंची। शहर के लोगों ने उसे सिर आंखों में बैठाया और जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें अभिषेक कौशिक पर गौरव जताते हुए सम्मानित किया गया। अभिषेक ने बाद में सिरसा की नौहरिया बाजार में रहने वाली एक युवती से 31 अक्टूबर, 2008 को हिसार के आर्य समाज मंदिर में शादी रचा ली। प्रेम विवाह करने वाली युवती को उसने पंजाब में प्रशिक्षण के लिए भेजे जाने की जानकारी भी दी। प्रेम विवाह के वक्त चार अन्य व्यक्ति भी मौके पर मौजूद रहे और विवाह के बाद युवती अपने मायके लौट आई। बाद में उसे अभिषेक के बारे में जानकारी जुटानी चाही तो मामला ही कुछ और निकला। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभिषेक 2006 की परीक्षा में बैठा जरूर था, पर परीक्षा को वह उत्तीर्ण नहीं कर पाया। इसी नाम के एक अन्य व्यक्ति ने इस परीक्षा में 225वां रैंक पाया, लेकिन उसने इस सेवा को ज्वाइन नहीं किया और इसके पीछे कारण यही रहा कि 2004 में उसने इसी परीक्षा के बल पर इंडियन रेवन्यू सर्विस को प्राप्त कर लिया, जिसके चलते वह इससे बड़े पद पर पहुंचने के लिए परीक्षा में पुन: बैठा था। शहर थाना प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि राजस्थान में नियुक्त चयनित हुए अभिषेक शर्मा ने इस परीक्षा के आधार पर मिलने वाली नियुक्ति को स्वीकार नहीं किया, जिस वजह से सिरसा के अभिषेक ने इसका लाभ उठाना शुरू कर दिया। शहर में उसे कार्यक्रमों में सम्मानित किए जाने लगा और बाद में उसने अपनी पोस्टिंग पंजाब में बता दी। थाना प्रभारी ने बताया कि अभिषेक कौशिक के खिलाफ शिकायत उसकी पत्‍‌नी की ओर से की गई है, जिसमें कहा गया है कि आईपीएस बन कर उसका यौन शोषण किया गया है और उसे धोखे में रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उससे आईपीएस के नाम पर ठगी करने या उन कार्यक्रमों के बारे में जानकारी जुटा रही है जहां उसे सम्मानित किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आईपीएस के नाम पर मेल की गई है तो कई अन्य स्थानों पर इस पद का दुरुपयोग हुआ है, जिसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Monday, March 16, 2009

अब लालबत्ती लगाने पर फंसे सांसद Gil

सिरसा के सांसद आत्मा सिंह गिल नए विवाद में फंस गए हैं। इस बार उन पर चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद अपनी गाड़ी पर लाल बत्ती लगाने का आरोप है। रविवार को यह मामला उस समय तूल पकड़ लिया जब लाल बत्ती लगी अपनी गाड़ी से जा रहे सांसद गिल को हजकां कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। पार्टी के रतिया प्रभारी सुभाष खिलेरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सांसद की गाड़ी का रतिया के संजय गांधी चौक पर घेराव कर लिया। सांसद गिल उस वक्त फतेहाबाद की तरफ जा रहे थे। विरोध के बावजूद सांसद लाल बत्ती उतारने के लिए तैयार नहीं हुए। आखिर सांसद के लोगों ने आश्वासन दिया कि रतिया से बाहर निकलते ही लालबत्ती उतार दिया जाएगा। इस बारे में पूछने पर सांसद गिल ने कहा कि दिल्ली में जाम से बचने के लिए बत्ती लगाई हुई थी, लेकिन कुछ विरोधियों ने उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लालबत्ती उतार दी है। इस बारे में उपायुक्त जेएस अहलावत ने कहा कि प्रशासन ने पहले ही धारा 144 लागू की हुई है। जैसे ही उनकी नोटिस में सांसद द्वारा लाल बत्ती लगाने की बात आई, उन्होंने तुरंत हटवा दी है। यदि कोई लालबत्ती का प्रयोग करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Sunday, February 1, 2009

25 हजार Teachers की होगी भर्ती

शिक्षा एवं परिवहन मंत्री मांगेराम गुप्ता का कहना है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में Teachers के रिक्त पद भरने के लिए शीघ्र ही 25 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। वह शनिवार को सिरसा में यहां पत्रकारों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि 25 हजार में से १५ हजार शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और शेष १० हजार शिक्षकों की भर्ती भी शीघ्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती में पहले से कार्य कर रहे अतिथि शिक्षकों को वरीयता देने पर विचार किया जा रहा है।
सरकारी स्कूलों में विज्ञान व कंप्यूटर की शिक्षा भी अनिवार्य करने पर राज्य सरकार द्वारा विचार किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के विद्यार्थी तकनीकी एवं साइंस की शिक्षा पा सकेंगे। गौरतलब है कि हरियाणा में शिक्षकों की भारी कमी है। इस कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
स्थापित होंगे निजी विवि: शिक्षा मंत्री गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में गुणवत्तापरक शिक्षा को बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र के विवि स्थापित किए जाएंगे। अभी तक इस प्रकार के दो विवि स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। चार और निजी क्षेत्र के विवि स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मार्च 2009 तक हरियाणा राज्य परिवहन के बेड़े में 800 नई बसें शामिल की जाएंगी। जिन निर्धारित रूटों पर निजी बसें नहीं जाना चाहती हैं, उन रूटों पर राज्य परिवहन की बसों को चलाया जाएगा।

Sunday, January 25, 2009

Sirsa में आग, शोरूम हुआ खाक

सिरसा के रोड़ी स्थित रेडीमेड वस्त्रों के शोरूम फैशन कैंप में आग से 5 करोड़ का सामान नष्ट हो गया। शनिवार अ‌र्द्धरात्रि के बाद लगी आग पर काबू पाने में वायु सेना की मदद से 13 घंटे का समय लगा। हिसार, फतेहाबाद व सिरसा जिला की फायर ब्रिगेड की गाडि़यों ने दिनभर की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। फैशन कैंप की प्रथम मंजिल पर आग की लपटें शनिवार रात चौकीदार को दिखाई दी तो उसने साथ ही रह रहे कांग्रेसी नेता नवीन केडिया को इस संबंध में जानकारी दी। केडिया ने पुलिस कंट्रोल रूम तथा शोरूम के मालिक को इस संबंध में जानकारी दी। कुछ देर बाद ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पहली से दूसरी मंजिल तक पहुंच गई थी। मार्केट कमेटी सिरसा, नगर परिषद सिरसा की फायर ब्रिगेड की गाडि़यां आग बुझाने के लिए पहुंची। आग को भड़कता देख हिसार, फतेहाबाद, ऐलनाबाद, रानियां, कालांवाली से भी फायर ब्रिगेड मंगवाई गई। वायुसेना केंद्र में तैनात सेना के अग्निशमन दस्ते को भी बुलाया गया। बिजली निगम की बड़ी क्रेन की मदद से दूसरी व तीसरी मंजिल पर लगी आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान चौथी मंजिल पर भी आग भड़क गई। इस दौरान साथ लगते मकान को खाली करवा लिया गया। बताया जा रहा है कि चौथी मंजिल पर फाइबर व लकडि़यों ने भी आग पकड़ ली। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने दूसरी मंजिल के बाद तीसरी मंजिल पर आग बुझाने के लिए दीवारों को तोड़ना पड़ा। यहां से पानी की बौछार की गई। रात्रि ढाई बजे के करीब लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की गाडि़यों ने 400 से अधिक चक्कर लगाए और दोपहर बाद ही आग पर काबू पाया गया। आग लगने की सूचना के बाद एसडीएम हरीश भाटिया, डीएसपी धीरज सेतिया, नगर परिषद प्रधान पवन डिंगवाला व हरीश सोनी सहित शहर के अन्य गणमान्य लोग मौके पर पहुंच गए। सुबह होने पर मौके पर भीड़ जुटने पर दर्जन भर पुलिस कर्मचारियों को तैनात करना पड़ा। फैशन कैंप के दोनों ओर की गलियों में आवाजाही बंद कर दी गई और फायर ब्रिगेड की गाडि़यों के अलावा किसी भी व्यक्ति को इन गलियों से नहीं गुजरने दिया गया। डेरा सच्चा सौदा के प्रेमियों ने भी दोपहर को आग बुझाने के काम में मदद दी। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण ही आग लगी होगी। फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम को भी मौके पर बुलाया गया, पर धुंआ एवं तापमान बहुत अधिक होने के चलते टीम अपना काम नहीं कर पाई। अब टीम सोमवार को आग लगने के कारणों की जांच करेगी। फैशन कैंप के संचालक कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं।

Monday, January 19, 2009

यूजीसी की टीम तय करेगी देवीलाल विवि का भविष्य

Sirsa : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की टीम चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा का भविष्य तय करेगी। दो दिन के अपने दौरे में टीम के सदस्य विवि में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा प्रणाली का जायजा लेगी। इस दौरान तैयार रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय को अनुदान आयोग की धारा 12-बी में शामिल करने अथवा नहीं करने का फैसला लिया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. केसी भारद्वाज ने दावा किया कि अनुदान आयोग की सात सदस्यीय टीम के निरीक्षण कार्य की तमाम तैयारी कर ली गई है। कुलपति ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की कंप्यूटर लैब तथा निर्माणधीन मीडिया सेंटर का जायजा लेने के उपरांत विश्वविद्यालय के पुस्तकालय का निरीक्षण किया। कुलपति के अनुसार विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की टीम के सामने विभिन्न विभागों की उपलब्धियों का कंप्यूटरीकृत ब्योरा प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में निर्माणाधीन विभिन्न भवनों में एक शैक्षणिक भवन, पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन व बहुउद्देशीय हॉल शामिल है। विश्वविद्यालय में वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग का सामुदायिक रेडियो स्टेशन जल्दी शुरू हो जाएगा।