Showing posts with label Accident. Show all posts
Showing posts with label Accident. Show all posts

Sunday, August 16, 2009

थर्मल प्लांट में हादसा, पांच मरे

राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट में तीन टन भारी लोहे की प्लेट गिरी
मरने वालों में दो चीनी मजदूर भी

रिलायंस द्वारा hisaar जिले के खेदड़ में निर्माणाधीन राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट में रविवार सुबह हुए हादसे में दो चीनी मजदूरों समेत पांच की मौत हो गई और तीन अन्य घायल है। प्लांट की चिमनी में चेन ब्लाक के टूटने से तीन टन वजनी लोहे की प्लेट नीचे गिर गई और सभी उसके नीचे दब गए। चिमनी बनाने का ठेका लेने वाली चीनी कंपनी नार्थ-वेस्ट कंस्ट्रक्शन ग्रुप कारपोरेशन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। रिलायंस ने खेदड़ थर्मल प्लांट में एक बड़ी चिमनी के निर्माण का ठेका चीनी कंपनी को दिया हुआ है। रविवार सुबह चिमनी में लोहे की प्लेटों को वेल्डिंग करके लगाया जा रहा था। ढाई से तीन टन वजनी लोहे की प्लेटों को चेन ब्लाक से चिमनी में करीब 80 फुट ऊंचाई पर खड़ा किया हुआ था। प्लेटों के ऊपर व नीचे आठ-दस मजदूर वेल्डिंग व अन्य कार्य कर रहे थे। इसी दौरान चेन ब्लाक टूट गया और लोहे की प्लेटें मजदूरों के ऊपर आ गिरीं। इससे दो चीनी मजदूरों सहित पांच मजदूरों की मौत हो गई। इनमें से एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया और दूसरे ने अस्पताल पहुंचने के बाद। घायलों में दो को बरवाला व एक को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर थी। बरवाला थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि अमृतसर निवासी सुखचैन सिंह की शिकायत पर चीनी कंपनी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस बारे में कंपनी के दो अधिकारी सुन-वे-रोंग और जिंग-वे-पिंग से दुभाषिए की मदद से पूछताछ भी की। हादसे में मरने वालों में चीन के दो मजदूर 35 वर्षीय ली-गउन-हाउल, जेइंग-जी-इन के अलावा अमृतसर जिले के योद्धा नगरी गांव निवासी 22 वर्षीय सुखविंदर सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था जबकि पंजाब के गुरदासपुर जिले के बुरे नांगल गांव निवासी 23 वर्षीय श्रवण सिंह ने अस्पताल जाते समय रास्ते में और कोलकाता के रघुनाथपुर निवासी 25 वर्षीय राजीव मंडल ने अस्पताल में दम तोड़ा। बुरे नांगल गांव निवासी जसपाल और पश्चिमी बंगाल के हाजमगढ़ गांव निवासी माधव मंडल और गौरंग को निजी अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। जसपाल व गौरंग की हालत गंभीर बनी हुई थी।

Saturday, March 21, 2009

Train से 215 भेड़ें कटी

Ambala के माडल टाउन रेलवे क्रासिंग के पास नाला पार कर रही सैकड़ों भेड़े एकाएक ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे 250 में से 215 भेड़ों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भेड़ मालिक बिट्टूं साहा के गांव मुंडपुर का रहने वाला था। वह शनिवार दोपहर बाद शहर के किसी गांव से भेड़ों को चराकर वापस ले जा रहा था। भेड़ों की कीमत लाखों से ज्यादा बताई गई है।
भेड़ मालिक ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद वह जेल लैंड की ओर से भेड़ों को लेकर वापस गांव जा रहा था। माडल टाउन रेलवे लाइन पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई और कुछ भेड़े इधर-उधर भागने लगी। उसका कहना था कि जब तक उन लोगों ने भेड़ों को रेलवे लाइन से हटाने की कोशिश की तब तक अधिकांश उसकी चपेट में आ गई थी। भेड़ मालिक के अनुसार उसके पास 250 भेड़ें थी, जिनमें से 215 की मौत हो गई। भेड़ों के कटने से मालिक पूरी तरह से सदमे में है। हादसे में दो गधे भी बुरी तरह से जख्मी हो गए है।

Wednesday, February 11, 2009

टैंक में डूबने से दो बच्चों की मौत

सातरोड सैनिक छावनी में पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम सामान्य अस्पताल में करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए है।
छावनी स्थित आवा काम्पलेक्स निवासी नायक सुखेदव सिंह का पांच वर्षीय पुत्र युवराज सिंह आर्मी पब्लिक स्कूल में प्रथम ए तथा लांस नायक अजय सिंह का पुत्र सात वर्षीय युद्धवीर सिंह थर्ड ए में पढ़ते थे। काम्पलेक्स में दोनों के घर आसपास है इसलिए दोनों का एक-दूसरे के घर आना जाना था। मंगलवार की सायं दोनों खेलने के लिए चले गए लेकिन देर रात तक घर नहीं आने के कारण दोनों की तलाश शुरू हुई। सुबह दोनों बच्चों के शव काम्पलेक्स के पिछवाड़े में बने तालाब में मिले। बच्चों की साइकिल व चप्पलें तालाब किनारे पड़े हुए थे। समझा जाता है कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते तालाब में गिर गए और समय पर सहायता न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। जवानों ने दोनों शवों को तालाब से निकाला तथा सामान्य अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम करवाया।

कार-ट्रैक्टर भिडंत में तीन मरे

राइ में जीटी रोड स्थित बहालगढ़ चौक पर सोमवार देर रात करीब ढाई बजे एक कार व ट्रैक्टर-ट्राली में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इसमें कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से उन्हें दिल्ली ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
गांव बिंदरौली निवासी कृष्ण झज्जर के आसौदा निवासी अपने साले राजेंद्र, दिल्ली के गांव कराला के रहने वाले रिश्तेदार डा. सुनील व झज्जर के ही गांव जैतपुर निवासी श्रीभगवान के साथ मारुति वेरना कार से हरिद्वार दवा लेने गया हुआ था। सोमवार देर रात सभी लौट रहे थे। देर रात करीब ढाई बजे जब वह बहालगढ़ के पास पहुंचे तो चौक पर दिल्ली की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर अचानक सोनीपत की ओर मुड़ गया। अचानक ट्रैक्टर-ट्राली के मुड़ने से कार चालक अपना संतुलन खो बैठा और कार सीधी ट्रैक्टर-ट्राली के बीच में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें रमेश, कृष्ण व राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डा. सुनील व श्रीभगवान बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

Monday, February 9, 2009

बेकाबू कार ने पांच को कुचला

हिसार के गांव किन्नर के बस स्टैंड के पास बेकाबू कार ने सोमवार सायं किनारे ताश खेल रहे पांच लोगों को कुचल दिया। इससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हे उपचार के लिए बरवाला के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सोमवार सायं गांव किन्नर के बस स्टैंड के पास गांव के कुछ लोगों का दल ताश खेल रहा था। तभी गांव की ओर से तेज गति से आ रही सेंट्रो कार का ड्राईवर नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित कार ताश खेल रहे लोगों के ऊपर चढ़ गई। इसके बाद ताश खेल रहे लोगों में बजे सिंह, कपूर सिंह व माई लाल नामक व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि सतबीर व महावीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आस-पास के ग्रामीणों ने बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

सीवर की Gas से तीन की मौत

Faridabad के लक्कड़पुर गांव की जमीन पर बनी अनियमित कालोनी शिव दुर्गा विहार में सीवर टैक की सफाई करते समय जहरीली गैस में दम घुटने से तीन युवकों की मौत हो गई। मरने वालों में दो रिश्ते में भाई थे।
शिव दुर्गा विहार में पंडित नामक व्यक्ति ने अपने घर में अवैध रूप से सीवर टैक बनाया हुआ है। भरे टैक को खाली कराने के लिए पंडित ने सोमवार सुबह सेफ्टी टैकर के जरिए सफाई करने वाले रमेश को बुलाया था। रमेश ने टैक की सफाई का काम सोमवार दोपहर शुरू किया था। बाद में वह घर चला गया और उसने बेटे राजेश और भांजे संदीप को वहां भेज दिया। राजेश और संदीप दोनों गंदगी निकाल ही रहे थे कि अचानक टैकर का पाइप जाम हो गया। राजेश और संदीप ने एक साथ टैक में झांका, तभी दोनों जहरीली गैस से मूर्छित होकर टैक के भीतर जा गिरे। दोनों को टैक में गिरते देख पंडित के मकान में रह रहा किरायेदार नगेंद्र भी उन्हें बचाने के प्रयास में टैक में गिर पड़ा। इसके बाद किसी ने तीनों को बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को टैक से बाहर निकलवाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
थाना सूरजकुंड प्रभारी सुरेद्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि मकान मालिक ने जो सीवर टैक बनाया हुआ था, क्या उसकी अनुमति ली थी या नहीं। अगर अनुमति नहीं ली होगी तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Wednesday, February 4, 2009

दीये ने बुझाए परिवार के चार चिराग



दीये से भड़की आग ने पूरी झोपड़ी को राख कर दिया। आग की चपेट में आकर चार बच्चों की मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, उन्हें पीजीआई रोहतक रिफर किया गया है। हादसा हरियाणा के Bhiwani जिले में सोमवार की रात हुआ।
भिवानी के हनुमान गेट क्षेत्र निवासी शिव कुमार गत 22 दिसंबर को गांव बापोड़ा स्थित ईट-भट्ठें पर पूरे परिवार सहित मजदूरी करने के लिए गया। सोमवार रात पूरा परिवार भट्ठें पर बनी झोपड़ी में सो गया। करीब 12 बजे संदिग्ध हालत में झोपड़ी में आग लग गई। आग की लपटों ने पूरे परिवार को अपने आगोश में ले लिया। आसपास के लोग आग बुझाने दौड़ पड़े।
भट्ठें पर ही मजदूरी करने वाले शिवकुमार के छोटे भाई दलबीर ने बच्चों और उनके माता-पिता को गंभीर हालत में निकाला। छह माह की मासूम नेहा, डेढ़ वर्षीय मुकुल, तीन वर्षीय नैना की मौके पर ही मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद सात वर्षीय मुस्कान, आठ वर्षीय कोमल उनके पिता शिव कुमार व मां अबीता को रोहतक पीजीआई रिफर किया गया। पीजीआई पहुंचने पर मुस्कान ने दम तोड़ दिया। 95 प्रतिशत झुलसी अबीता की हालत नाजुक बनी हुई है। बच्चों के दादा सतवीर ने आग लगने का कारण झोपड़ी में रखा दीपक बताया है। उसके मुताबिक दीपक जला छोड़कर सभी सो गए थे।
घायल महिला ने दम तोड़ा
पीजीआई में भरती घायल महिला ने मंगलवार देर रात दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या पाँच हो गई है।


Tuesday, January 27, 2009

Bus-Van भिड़ंत में चार मरे

हिसार जिले में खेडा जालब गांव में सोमवार को सुबह हरियाणा रोडवेज की बस और वैन के बीच आमने सामने की टक्कर में चार महिलाओं की मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूचना के अनुसार यहां से लगभग 45 किलोमीटर दूर बरवाला जींद रोड पर गांव खेडा जालव के निकट हुई इस टक्कर में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई तथा पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गर्ई। घायलों को बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये महिलाएं जींद के निकट स्थित तीर्थ स्थल पिण्डारा के सरोवर में अमावस्या का स्नान करके अपने गांव गुराना लौट रही थीं। हादसे में मारी गर्ई महिलाओं की पहचान कर ली गई है।
पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की तफतीश की। पुलिस के मुताबिक सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था और इसी वजह से दोनों वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Thursday, January 22, 2009

बेलगाम ट्राले ने तीन युवकों को रौंदा

करनाल : जीटी रोड पर बेलगाम ट्राले ने तीन युवकों की जान ले ली। मेरठ चौक पर एक युवक को कुचलने के बाद उसने लिबर्टी चौक पर दो युवकों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्राले को छोड़कर फरार हो गया।
बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहे ट्राला के चालक ने सबसे पहले मेरठ चौक पर साइकिल से जा रहे गोबिंद दास को अपनी चपेट में ले लिया। वह अपने साथी कमलदेव के साथ मजदूरी करने जा रहा था। जैसे ही वे देवीलाल चौक पार करने लगे तो गोबिंद दास को ट्राले ने कुचल दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। वह बिहार के कटिहार जिला के हसलगंज गांव का रहने वाला था।
इस हादसे के बाद ट्राला चालक वहां से तेज गति से निकला। उसके बाद उसने लिबर्टी चौक पर दो साइकिल सवार युवकों को कुचल डाला। दोनों युवक लल्ला और लिबर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिला निवासी थे। वे एक प्राइवेट कालेज में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। उसके बाद चालक ट्राले को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

Friday, January 16, 2009

आटो की टक्कर में छात्रा की मौत

कुरुक्षेत्र में बृहस्पतिवार को स्कूटी में ऑटो की टक्कर में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महिला प्राध्यापक की बेटी की मौत हो गई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के बायो केमिस्ट्री विभाग में कार्यरत महिला शिक्षक अनिता दुआ की पुत्री मेघा महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल में 11वीं की छात्रा थी। बृहस्पतिवार दोपहर वह अपनी स्कूटी पर शहर से सेक्टर-7 की ओर जा रही थी। सेक्टर सात की ओर मोड़ पर तेज गति से आ रहे आटो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मेघा के सिर में गंभीर चोटे आई। पुलिस अधिकारियों ने घायल मेघा को उठाया व अस्पताल की ओर ले चले। लेकिन रास्ते में ही मेघा ने दम तोड़ दिया।