Showing posts with label PGI. Show all posts
Showing posts with label PGI. Show all posts

Friday, January 23, 2009

PGI Emergency में आग

पीजीआई रोहतक के इमरजेंसी विभाग में बृहस्पतिवार को शार्ट सर्किट के कारण लगी आग के कारण अफरा-तफरी मच गई। इससे पीजीआई की बदहाली का एक और नमूना पेश किया है। आग के चलते कई मरीजों को जान बचाकर भागना पड़ा। गार्ड्स ने आई सी यू के दरवाजे को तोड़कर मरीजों की जान बचाई।
बृहस्पतिवार प्रात: साढ़े पांच बजे इमरजेंसी विभाग के आईसीयू के प्रवेश द्वार के साथ लगे इलेक्टि्रक डैश बोर्ड में अचानक शार्ट सर्किट हुआ है और वहां तेज आग लग गई। शार्ट सर्किट के कारण हुए तेज धमाके को सुनकर जब वहां ड्यूटी कर रहे गार्ड धमाके कारण जानने पहुंचे तो वहां तेज आग भड़क रही थी। देखते ही देखते आग सिलिंग को पकड़ गई। आईसीयू के पीछे वाले दरवाजे को तोड़कर वहां के रोगियों को बाहर निकालने की व्यवस्था की गई। इसके बाद गार्डो ने आग बुझाने का काम शुरू किया। इससे पहले की दमकल विभाग का बचाव दल वहां पहुंचकर अपनी कार्रवाई शुरू करता आग पर काबू पाकर संस्थान को आगजनी से होने वाले बड़े नुकसान से बचा लिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद संस्थान कुलपति डॉ. एसएस सांगवान, डीन डॉ. वीके जैन, एसएस डॉ. चांद सिंह ढुल व अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

Wednesday, January 21, 2009

डाक्टरों ने फिर मरीज को पीटा

बदसलूकी के लिए मशहूर पीजीआई डॉक्टरों ने अब मरीजों से मारपीट भी शुरू कर दी है। मंगलवार को ओपीडी के दौरान एक रोगी की कुछ चिकित्सकों ने मिलकर जमकर धुनाई कर डाली। हफ्ते के भीतर मरीज से मारपीट करने की यह तीसरी घटना है। हालाँकि अधिकारी सब जानते हुए भी कार्रवाई के लिखित शिकायत का इंतजार कर रहे हैं।
पीठ के दर्द से पीड़ित गांव सुंदरपुर निवासी प्रदीप मंगलवार को पीजीआई के आर्थो विभाग में अपना उपचार करवाने आया था। वहां किसी बात पर हुई कहासुनी से बात इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। पीठ दर्द से पीड़ित प्रदीप को डॉक्टर पकड़कर एक अन्य कमरे में ले गए, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई। इस दौरान वहां एक सिक्योरिटी गार्ड पहुंच गया, जिसने उसे डॉक्टर से बचाया। बाद में प्रदीप को पीजीआई के डीएमएस के पास ले जाया गया। जहां उससे लिखित में शिकायत मांगी गई। पिटाई के बाद प्रदीप वहां से बगैर उपचार के ही चला गया।
डाक्टरों को गुस्सा
15-16 जनवरी की रात भी एक रोगी के सहायक की जमकर पिटाई की गई। इस दौरान उसके सिर में भी चोट आई। जिसे बाद में उपचार देकर वहां से चलता कर दिया गया।
पीजीआई चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चांद सिंह ढुल ने कहा कि इस बारे में उनके पास जानकारी आई है। पीड़ित से लिखित शिकायत मांगी गई है। यदि वह शिकायत करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।